नटेरन में फसल खरीदी व्यवस्था को लेकर किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। खरीदी में हो रही देरी और अव्यवस्थाओं से परेशान किसानों ने मां पीतांबरा वेयरहाउस के सामने चक्का जाम कर दिया।
किसानों का आरोप है कि समस्या समाधान को लेकर दो दिन पहले प्रशासन को अल्टीमेटम दिया गया था और तुलाई व्यवस्था सुचारू करने की मांग की गई थी, लेकिन इसके बावजूद हालात नहीं सुधरे। किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आखिरकार उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।
आक्रोशित किसानों ने विदिशा-सागर और अशोकनगर रोड पर जाम लगाकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चक्का जाम के चलते दोनों मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। किसानों का कहना है कि जब तक खरीदी और तुलाई की व्यवस्था सुचारू नहीं होगी, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
खरीदी केंद्रों की बदहाल व्यवस्था अब किसानों के सब्र की परीक्षा बनती जा रही है और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर रही है।
