शाजापुर जिले के अकोदिया में सारंगपुर मार्ग पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में कार के एयरबैग खुलने से चार लोगों की जान बच गई। सीहोर जिले के ग्राम घंसौदा से शाजापुर कोर्ट जा रही कार को कोहलिया जोड़ के पास सामने से आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, कार की हालत देखकर लग रहा था कि बड़ा हादसा हुआ है। गनीमत रही कि कार के सभी एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे कार सवारों की जान बच गई।
हादसे में कार सवार मदन रघुवंशी, आरती रघुवंशी, मुलिया बाई और लक्ष्मण वर्मा घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक विपिन तोमर और आरक्षक अभिषेक परमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चारों को जिला अस्पताल शाजापुर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सारंगपुर की ओर से आ रही पिकअप रॉन्ग साइड से आई और कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसे रोक लिया।
थाना प्रभारी संजय सिंह राजपूत ने बताया कि अभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। घायलों की तरफ से पिकअप वाहन चालक के खिलाफ अभी मामला दर्ज नहीं कराया गया है। उपचार के बाद बयान लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कार और पिकअप दोनों को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने हटवाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। प्रशासन को इस पर सख्ती बरतनी चाहिए।
