इंदौर से संतोष व्यास
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा ने महू के गवली पलासिया स्थित संघ के विद्या भारती प्रकल्प अंतर्गत संचालित छात्रावास एवं विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां के वरिष्ठ सदस्यों और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद कर समसामयिक विषयों, राष्ट्रहित और युवाओं की भूमिका को लेकर चर्चा की।
इस अवसर पर श्रवण सिंह चावड़ा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव संस्कारयुक्त शिक्षा और जागरूक युवा शक्ति से ही तैयार होती है। उन्होंने कहा कि यह छात्रावास केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्रभावना, अनुशासन, संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण की प्रेरणादायी पाठशाला है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस परिसर में समय-समय पर युवाओं को राष्ट्रसेवा, सामाजिक दायित्व और नेतृत्व क्षमता के लिए प्रशिक्षित किया जाता है, जो भविष्य के सशक्त भारत निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान छात्रावास समिति के अध्यक्ष दादा इंदौरीलाल केलोत्रा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन पटेल, संतोष पाटीदार, मोहन कछावा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
