उज्जैन के मंछामन कॉलोनी स्थित नोबेल क्लीनिक पर 11 वर्षीय बालिका दीपिका डाबी की मौत के बाद भारी हंगामा हो गया। परिजनों का आरोप है कि अपेंडिक्स के ऑपरेशन के दौरान गलत इलाज की वजह से बच्ची की जान गई है। घटना के बाद जब परिजनों ने जिला चिकित्सालय के बाहर शव रखकर प्रदर्शन और चक्काजाम किया, तो प्रशासन हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ अशोक कुमार पटेल ने टीम के साथ पहुंचकर अस्पताल को सील कर दिया है और अस्पताल का पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान अस्पताल प्रबंधन मौके पर ताला लगाकर फरार हो गया। फिलहाल नीलगंगा थाना पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। सीएमएचओ का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित डॉक्टरों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उज्जैन में चिकित्सा लापरवाही का आरोप: 11 वर्षीय दीपिका की अपेंडिक्स ऑपरेशन के बाद मौत, परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन
