दूधिया रोशनी में गूंजे चौके-छक्के, विधायक प्रीमियर लीग बना क्षेत्र का उत्सव

विदिशा जिले के शमशाबाद के बिछिया खेल मैदान में चल रहा विधायक प्रीमियर लीग क्रिकेट नाइट टूर्नामेंट अब केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं रहा, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़े उत्सव का रूप ले चुका है। हर शाम 6 बजे जैसे ही फ्लडलाइट्स जलती हैं, मैदान चौके-छक्कों की गूंज और दर्शकों की तालियों से जीवंत हो उठता है।

यह आयोजन आईपीएल की तर्ज पर खिलाड़ियों की नीलामी के साथ शुरू किया गया है, जिसमें कुल 24 टीमें बनाई गई हैं और करीब 360 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। गांव-गांव से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर पहचान बनाने के लिए मैदान में उतर रहे हैं।

मैच देर रात 1 बजे तक दूधिया रोशनी में खेले जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में यह टूर्नामेंट एक नया और रोमांचक अनुभव बन गया है। हर मुकाबला बेहद कड़ा और प्रतिस्पर्धात्मक हो रहा है, जिससे दर्शक अंतिम गेंद तक मैदान से जुड़े रहते हैं।

इस टूर्नामेंट का आयोजन सूर्य प्रकाश मीणा के नेतृत्व में किया जा रहा है, जबकि संरक्षक के रूप में भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष देवेश मीणा की भूमिका है।

विजेता टीम को 51,000 रुपये, उपविजेता को 21,000 रुपये, तृतीय स्थान को 11,000 रुपये और चतुर्थ स्थान को 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं मैन ऑफ द सीरीज को 11,000 रुपये, बेस्ट बल्लेबाज और बेस्ट गेंदबाज को 3,100-3,100 रुपये का पुरस्कार रखा गया है। फाइनल मुकाबला 28 मई को खेला जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि यह टूर्नामेंट “गांव से ग्राउंड तक” प्रतिभाओं को मंच देने का एक प्रयास है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और बड़े स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *