देवास, जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने जिला अस्पताल में सोनोग्राफी के समय को बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक और दोपहर बाद सायं 3:00 बजे से 5:00 बजे तक सोनोग्राफी की जाए। जिससे जिले के दूर-दराज से आने वाली गर्भवती महिलाओं को सुविधा मिल सकें। बैठक में मरीजों और विशेषकर गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को बिना किसी देरी के रक्त उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। इसके लिए उन्होंने रेडक्रॉस के ब्लड बैंक के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, रक्त की उपलब्धता बनाए रखने के लिए सभी सरकारी विभागों को रक्तदान सुनिश्चित करने हेतु एक वार्षिक रोस्टर तैयार करने के लिए कहा।
मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने सिविल सर्जन को जिला अस्पताल में फायर सेफ्टी, इलेक्ट्रिक सेफ्टी और लिफ्ट सेफ्टी ऑडिट जल्द से जल्द करवाने के सख्त निर्देश दिये।












Leave a Reply