सांवेर-चंद्रावतीगंज रोड पर बड़ा हादसा: गिट्टी से भरा डंपर पलटा, मां-बेटे की दर्दनाक मौत

Spread the love

मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के सांवेर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने दो जिंदगियां छीन लीं।

सांवेर-चंद्रावतीगंज रोड पर आज सुबह करीब 11 बजे गिट्टी से भरा एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। उसी दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार मां और बेटा डंपर के नीचे दब गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही सांवेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से डंपर को हटाकर शवों को बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध मुरम और गिट्टी से भरे डंपर लगातार तेज रफ्तार में दौड़ रहे हैं, जो अब मौत के वाहन बन चुके हैं।

बताया जा रहा है कि कुछ माह पहले भी इसी रोड पर एक पैदल व्यक्ति की डंपर से कुचलकर मौत हो चुकी है। उस समय भी स्थानीय लोगों ने विरोध जताया था, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

लगातार हो रहे हादसों के बावजूद प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। आखिर कब तक ये डंपर यूं ही सड़कों पर मौत बनकर दौड़ते रहेंगे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed