अनूपपुर 04 मई 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के निर्देशन में जिले में बाल विवाह की रोकथाम के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा निरंतर निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में विकासखण्ड पुष्पराजगढ़ के राजेन्द्रग्राम में एक संभावित बाल विवाह की सूचना प्राप्त होने पर जिला प्रशासन की टीम ने तत्काल हस्तक्षेप कर विवाह रुकवाने की प्रभावी कार्यवाही की है।
राजेंद्रग्राम क्षेत्र में सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग की सहायक संचालक श्रीमती मंजूषा शर्मा सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक, स्टॉफ एवं पुलिस बल संबंधित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को बाल विवाह निषेध अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराया। टीम द्वारा कम उम्र में विवाह के गंभीर परिणामों और कानूनी दंड के बारे में दी गई काउंसलिंग के बाद, परिवार ने अपनी सहमति देते हुए विवाह को तत्काल स्थगित कर दिया।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले को निर्देशित किया है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों और समुदायों में सतत निगरानी रखें। कलेक्टर ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या नजदीकी शासकीय कार्यालय में सूचना देकर जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाएं।
