📰 पूरी खबर:
अनूपपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है। पुलिस ने डूमरकछार क्षेत्र से 84 हजार 600 रुपए मूल्य का लाहन, गुड़ और सूखा महुआ बरामद कर मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नगर परिषद डूमरकछार के वार्ड क्रमांक 12 स्थित एक मकान में अवैध रूप से महुआ लाहन रखा गया है। सूचना मिलते ही थाना रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और नगर परिषद उपाध्यक्ष व अन्य गवाहों की मौजूदगी में दबिश दी।
तलाशी के दौरान कमरे से 72 डिब्बों में भरा 432 किलोग्राम महुआ लाहन, 54 कार्टून में रखा 810 किलोग्राम गुड़ और 18 जूट बोरियों में रखा 450 किलोग्राम सूखा महुआ बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 84 हजार 600 रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने मौके पर जप्ती पंचनामा तैयार कर सम्पूर्ण सामग्री जब्त कर ली तथा महुआ लाहन का नियमानुसार नष्टीकरण कराया। मामले में आरोपी के खिलाफ थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 131/26 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(एफ) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।