📰 पूरी खबर:
अनूपपुर नगर पालिका एक बार फिर प्रशासनिक अस्थिरता को लेकर चर्चा में है। नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा मात्र 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग अधिकारियों को मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) नियुक्त किए जाने से भ्रम की स्थिति बन गई है।
जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 को आयुक्त नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा शशांक आर्मो को मुख्य नगरपालिका अधिकारी, अनूपपुर नियुक्त करने का आदेश जारी किया गया। इसके अगले ही दिन 2 जून 2026 को उप सचिव नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा आशा मेढ़ा भंडारी को मुख्य नगरपालिका अधिकारी, अनूपपुर नियुक्त करने का अलग आदेश जारी कर दिया गया।
लगातार बदलते आदेशों ने नगर पालिका प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों के बीच भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले चार वर्षों में अनूपपुर नगर पालिका में लगभग 14 मुख्य नगरपालिका अधिकारी बदल चुके हैं।
अब देखना यह होगा कि नवनियुक्त अधिकारी का कार्यकाल कितना स्थिर रहता है या फिर पूर्व अधिकारियों की तरह उनका भी जल्द स्थानांतरण कर दिया जाएगा। बार-बार हो रहे प्रशासनिक बदलाव नगर के विकास कार्यों पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहे हैं।
अनूपपुर से वेद शर्मा की रिपोर्ट।