📰 पूरी खबर:
अनूपपुर 18 जून 2026/ विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) तक संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कृषि विकास एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने तथा पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यशालाएं 19 जून 2026 को प्रातः 11 बजे जनपद पंचायत जैतहरी अंतर्गत ग्राम पंचायत जमुड़ी में तथा 20 जून 2026 को प्रातः 11 बजे जनपद पंचायत अनूपपुर की ग्राम पंचायत दारसागर में आयोजित की जाएंगी।
कार्यशालाओं में कृषि विशेषज्ञों, कृषि वैज्ञानिकों एवं अनुभवी कृषकों द्वारा प्राकृतिक खेती की उन्नत तकनीकों, इसके लाभों तथा व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रदर्शन के माध्यम से किसानों को रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से खेती करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे इन कार्यशालाओं में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर प्राकृतिक खेती संबंधी नवीन जानकारियां प्राप्त करें तथा कम लागत, अधिक लाभ और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। विभाग का मानना है कि प्राकृतिक खेती किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी की गुणवत्ता और जैव विविधता के संरक्षण में भी सहायक सिद्ध हो रही है।