📰 पूरी खबर:

अनूपपुर 19 जून 2026 /कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत बैंकों में लंबित ऋण प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, लीड बैंक मैनेजर श्री दिलीप निगम, रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि, विभिन्न शासकीय एवं निजी बैंकों के जिला प्रबंधक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना, आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, पीएम स्वनिधि एवं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री पंचोली ने कहा कि कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए खाद्य प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देना आवश्यक है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं, महिलाओं तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।

कलेक्टर ने सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया कि लंबित ऋण आवेदनों का समयबद्ध निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से भी कहा कि योजनाओं के पात्र लाभार्थियों के आवेदन पूर्ण दस्तावेजों के साथ बैंकों को प्रेषित किए जाएं, जिससे स्वीकृति प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि बैंक एवं विभागों के बेहतर समन्वय से ही स्वरोजगार योजनाओं का वास्तविक लाभ युवाओं तक पहुंचाया जा सकता है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्टर ने कृषि, पशुपालन एवं मत्स्य पालन से जुड़े किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिन बैंक शाखाओं में ऋण प्रकरण अधिक संख्या में लंबित हैं, वहां बैंक एवं संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से विशेष शिविर आयोजित कर तकनीकी एवं दस्तावेजी कमियों का मौके पर निराकरण करने को कहा गया।

कलेक्टर श्री पंचोली ने कहा कि जिले के सभी बैंक एवं विभाग समन्वित प्रयासों कर निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति करें तथा स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देकर जिले के आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि समय पर ऋण वितरण से न केवल युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, बल्कि जिले में व्यापारिक एवं औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।