📰 पूरी खबर:
अनूपपुर 19 जून 2026/ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने जनपद पंचायत जैतहरी के जनशिक्षा केंद्र सकरा अंतर्गत संचालित विभिन्न शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, बिजली तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का स्थल पर अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
भ्रमण के दौरान शासकीय माध्यमिक विद्यालय सकरा में मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन नहीं पाए जाने तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति अत्यंत कम मिलने पर सीईओ ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय परिसर में पेयजल संकट दूर करने के लिए खराब पंप की मरम्मत तथा बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक विद्युत व्यवस्था तत्काल कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा शासकीय माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय निदावन, भरिया टोला, खैरकुंडी तथा बरटोला का भी निरीक्षण किया गया। इन विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन, पेयजल एवं विद्युत सुविधाओं में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में बच्चों के लिए अनुकूल वातावरण एवं मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय खैरकुंडी में शिक्षक श्री दीपनारायण के कर्तव्य से अनुपस्थित पाए जाने पर उनके विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की गई। वहीं विद्युत विभाग को विद्यालयों में मीटर कनेक्शन लगाने तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को खराब हैंडपंपों के शीघ्र सुधार के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।