अनूपपुर 16 जुलाई 2026/ जिले में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने बुधवार को नगर परिषद बरगवां (अमलाई), जैतहरी तथा नगर पालिका परिषद कोतमा के एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर एवं लेगेसी वेस्ट साइट्स का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, प्रसंस्करण एवं निष्पादन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री पंचोली ने निर्देश दिए कि घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे का शत-प्रतिशत स्रोत स्तर पर पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सूखे कचरे से पुनर्चक्रण योग्य सामग्री का समयबद्ध पृथक्करण कर उसका अधिकतम उपयोग किया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नगरीय निकायों की आय में भी वृद्धि हो सके। उन्होंने एमआरएफ सेंटरों के नियमित संचालन, साफ-सफाई तथा वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर दिया।

लेगेसी वेस्ट साइट्स का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने वर्षों से संचित कचरे के सुरक्षित निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की तथा बायो-माइनिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में लेगेसी वेस्ट का पूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों को दुर्गंध एवं प्रदूषण से राहत मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वच्छता मित्रों से चर्चा कर उनकी कार्य की जानकारी ली तथा सभी स्वच्छता मित्रों को पीपीई किट, ग्लव्स, मास्क सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद बरगवां (अमलाई) एवं नगर पालिका परिषद कोतमा के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके निकायों में एमआरएफ सेंटर आगामी एक सप्ताह के भीतर पूर्ण रूप से स्थापित कर संचालित किए जाएं।

कलेक्टर श्री पंचोली ने नगर परिषद जैतहरी के एमआरएफ सेंटर की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं उपयंत्री श्री कुलदीप नारायण मिश्रा तथा स्वच्छता प्रभारी श्री संजीव राठौड़ की प्रशंसा की। उन्होंने जिला शहरी विकास अभिकरण के सिटी मिशन मैनेजर श्री राजन श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि जिले के सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का एक्सपोजर विजिट नगर परिषद जैतहरी में आयोजित कराया जाए, ताकि वहां की बेहतर व्यवस्थाओं को अन्य नगरीय निकायों में भी अपनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान संबंधित नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, उपयंत्री एवं जिला शहरी विकास अभिकरण के सिटी मिशन मैनेजर श्री राजन श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।