📰 पूरी खबर:
अनूपपुर 21जुलाई 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मंगलवार को जिले की पीएम केयर्स योजना से लाभान्वित एकमात्र बालिका के निवास पर गृहभेंट की गई। इस दौरान बालिका के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समग्र विकास की स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
गृहभेंट के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजीता भगत, सहायक संचालक श्रीमती मंजूषा शर्मा, स्थानीय परिवाद समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुमिता शर्मा, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी श्री अशोक कुमार त्रिपाठी तथा महिला एवं बाल विकास परियोजना पुष्पराजगढ़ की पर्यवेक्षक श्रीमती कृष्णलता मरावी ने बालिका एवं उसके परिजनों से चर्चा की। अधिकारियों ने शिक्षा की निरंतरता, स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं तथा शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों ने परिजनों को बालिका की नियमित शिक्षा, स्वास्थ्य परीक्षण एवं समग्र विकास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का समय पर लाभ लेने तथा किसी भी आवश्यकता या समस्या की स्थिति में संबंधित विभाग से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि पीएम केयर्स योजना का उद्देश्य ऐसे बच्चों के भविष्य को सुरक्षित एवं सशक्त बनाना है, जिन्हें विशेष संरक्षण और सहयोग की आवश्यकता है। महिला एवं बाल विकास विभाग समय-समय पर हितग्राहियों से संपर्क कर उनकी आवश्यकताओं का आकलन करते हुए हरसंभव सहयोग उपलब्ध करा रहा है।