अनूपपुर अमरकंटक समाज को नशे की भयावह प्रवृत्ति से मुक्त कर स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक भारत के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस थाना अमरकंटक द्वारा कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय, अमरकंटक में "नशा मुक्ति अभियान 2.0" के अंतर्गत एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में पुलिस थाना अमरकंटक  से  उपनिरीक्षक पी.एस. बघेल,सहायक उपनिरीक्षक ईश्वर यादव एवं आरक्षक दिव्या ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को अंधकारमय बना देता है। युवाओं को अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षा, खेल, संस्कृति और सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर रहने की प्रेरणा दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार अथवा सेवन दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व मित्रों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

विद्यालय के प्राचार्य कमलेश मिश्रा ने पुलिस विभाग के इस जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर उपप्राचार्य श्री राम त्रिपाठी, विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, स्टाफ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की सामूहिक शपथ ली।

यह जागरूकता अभियान विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जागृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।