अनूपपुर 21 अगस्त 2026/ विधायक पुष्पराजगढ़ श्री फुंदेलाल मार्को ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के साथ ही क्षेत्र में पहुंचकर नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा शिकायतों एवं समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पुष्पराजगढ़ क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों, मेहनतकश लोगों और अपार विकास संभावनाओं से समृद्ध क्षेत्र है। हमारा प्रयास है कि विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। विधायक श्री फुंदेलाल मार्को जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के स्व सहायता भवन में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर को संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कहा कि शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ आमजन को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर अधिकारी विशेष ध्यान दें। शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में जाकर जनता से सीधा संवाद एवं जुड़ाव स्थापित करना, उनकी शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना, क्षेत्र की वास्तविक स्थितियों का फीडबैक प्राप्त करना तथा प्रशासन के पर्यवेक्षण तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। इसके साथ ही इस अभियान के माध्यम से प्रशासन की पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील छवि को मजबूत करना भी प्रमुख उद्देश्य है।

कलेक्टर श्री झा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे पूरी सजगता और संवेदनशीलता के साथ आमजन की समस्याओं को सुनें तथा उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालय आने वाले किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम को जिला पंचायत सदस्य श्री नर्मदा सिंह, श्रीमती भुवनेश्वरी देवी तथा जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पूर्व अध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम में राजस्व, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, नगरीय प्रशासन, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों, उपलब्धियों एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा योजनाओं से मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया।

इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जानकारी एवं सेवा स्टॉलों के माध्यम से आमजन को शासन की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे शासन द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के पात्र हितग्राहियों को भी इन योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए, जिससे आमजन को योजनाओं की जानकारी सरल एवं सहज रूप से प्राप्त हो सकी।

शिविर के दौरान विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 2 हितग्राहियों, आचार्य विद्यासागर ग्राम संवर्धन डेयरी योजना के अंतर्गत 2 हितग्राहियों तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 2 हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। इसके साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना के पात्र हितग्राहियों को भी लाभांवित किया गया। सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत 10 पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को सीसीएल का लाभ भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान आमजन से कुल 351 समस्यामूलक आवेदन प्राप्त हुए।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी,वनमंडलाधिकारी श्री डेविड व्यंकटराव चनाप, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट, जनपद पंचायत अध्यक्ष पुष्पराजगढ़ श्रीमती मिथिलेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।