📰 पूरी खबर:
अनूपपुर जिले के कोतमा क्षेत्र के छोटे से गांव छतई के एक किसान पुत्र ने अपनी मेहनत और लगन से ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिसने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। सीमित संसाधन, बिना बड़े शहर की कोचिंग और सिर्फ सेल्फ स्टडी के दम पर प्रकाश कुमार पनिका ने NEET परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है।
कोतमा ग्राम पंचायत मझौली के छतई निवासी किसान पुत्र प्रकाश कुमार पनिका ने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और मजबूत इरादों के दम पर मध्यप्रदेश राज्य काउंसलिंग के प्रथम चरण में गांधी मेडिकल कॉलेज, भोपाल में MBBS की सीट हासिल की है।
प्रकाश की इस सफलता की खास बात यह है कि उन्होंने बड़े शहर में रहकर महंगी कोचिंग नहीं की, बल्कि सीमित संसाधनों के बीच सेल्फ स्टडी को अपना हथियार बनाया और NEET जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल की।
प्रकाश की उपलब्धि उन हजारों विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है, जो संसाधनों की कमी को अपनी सफलता के रास्ते की सबसे बड़ी बाधा मानते हैं। प्रकाश ने साबित कर दिया कि अगर मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो छोटे गांव से निकलकर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।
प्रकाश कुमार पनिका की इस शानदार उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी प्रकाश को उज्ज्वल भविष्य और सफल चिकित्सकीय जीवन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
किसान के बेटे की यह सफलता अब पूरे अनूपपुर के लिए गर्व और युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।