अनूपपुर। वेद शर्मा — जिला मुख्यालय अनूपपुर के लिए लंबे इंतजार के बाद बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अधिवक्ता संघ, जनप्रतिनिधियों एवं जिलेवासियों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। मध्यप्रदेश शासन ने अनूपपुर में 14 न्यायालय कक्षों वाले नवीन एवं आधुनिक न्यायालय भवन के निर्माण के लिए ₹44.85 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।

यह महत्वपूर्ण निर्णय हाई कोर्ट जबलपुर के निर्देश के परिणामस्वरूप सामने आया है। जिला बनने के करीब 23 वर्ष बाद अनूपपुर को आधुनिक न्यायालय भवन की सुविधा मिलने जा रही है।

नवीन न्यायालय भवन की मांग को लेकर जिला अधिवक्ता संघ द्वारा समय-समय पर राज्य सरकार तक मांग पहुंचाई जाती रही। अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों और जिलेवासियों के लंबे संघर्ष एवं लगातार प्रयासों के बाद अब इस बहुप्रतीक्षित मांग को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है।

इस स्वीकृति के बाद जिले के अधिवक्ताओं और नागरिकों में खुशी का माहौल है। नवीन न्यायालय भवन बनने से न्यायिक व्यवस्थाओं को बेहतर आधार मिलेगा और न्यायालय से जुड़ी सुविधाओं में भी विस्तार होगा।

अनूपपुर के लिए यह सिर्फ एक भवन की स्वीकृति नहीं, बल्कि 23 वर्षों के संघर्ष और इंतजार के बाद मिली एक बड़ी उपलब्धि है। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए जिले के सभी अधिवक्ताओं एवं नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं।