अनूपपुर 10 सितंबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा द्वारा जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा शासन के राजस्व हित, जनस्वास्थ्य एवं लोकहित की दृष्टि से विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के पालन में जिला आबकारी अधिकारी श्री खेमराज श्याम के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा 1 सितंबर से 9 सितंबर 2026 तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।

आबकारी वृत्त अनूपपुर, राजनगर, कोतमा एवं राजेन्द्रग्राम के अंतर्गत अनूपपुर, लखनपुर, दुधमनिया, कासा, राजेन्द्रग्राम, धीरूटोला, कोतमा, जमुना बस्ती, बदरा एवं श्रमिक नगर में दबिश देकर कुल 13 प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान 57 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जप्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 8 हजार 550 रुपये आंकी गई है। प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत कायम कर विवेचना में लिए गए हैं।

कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती संपतिया मरावी, श्री विजय बहादुर सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक श्री कृष्णकांत उईके, श्री सहजू सिंह परस्ते, मुख्य आरक्षक श्री महबूब अहमद खान, श्री विक्रान्त नामदेव, आरक्षक श्री अमृतलाल साकेत एवं श्री रमाकांत सिंह बैस का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के संबंध में सूचनाएं एकत्रित कर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा अवैध मदिरा के विनिर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है।