📰 पूरी खबर:

खलघाट, जिला धार। पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खलघाट में 21 जून को 12वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अत्यंत उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रार्थना प्रांगण में प्रातः 6 बजे किया गया, जिसमें संस्था प्राचार्या श्रीमती अलका भदौरिया, विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थीगण, कन्या मिडिल एवं हाई स्कूल स्टाफ, संकुल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, जन शिक्षक तथा पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विशेष अतिथि पूर्व व्याख्याता श्रीमती ऊषा वर्मा एवं प्राचार्या श्रीमती अलका भदौरिया उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के योग दिवस संबोधन का सीधा प्रसारण लाउड स्पीकर के माध्यम से सुना गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन, हस्तपादासन, त्रिकोणासन, मकरासन, वक्रासन, शशकासन, अर्धचंद्रासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन एवं शवासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी एवं शीतली जैसे प्राणायाम भी किए गए।

मंच से योगाभ्यास का प्रदर्शन शिक्षक जगदीशचंद्र डावर, विज्ञान शिक्षक अनिल पाटीदार एवं विजय शर्मा द्वारा किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्या श्रीमती अलका भदौरिया ने सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी से नियमित योग करने का आह्वान किया।

शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। अंत में उपस्थित सभी जनों को स्वल्पाहार वितरित किया गया। कार्यक्रम का चित्रांकन शिक्षक विट्ठल सोनी ने किया तथा आभार प्रदर्शन कार्यक्रम प्रभारी धर्मेंद्र पाटीदार ने किया।