📰 पूरी खबर:
लोकेशन: खलघाट–धामनोद | रिपोर्ट: नरेंद्र चौहान
बारिश के लंबे अंतराल ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। धामनोद और आसपास के क्षेत्रों में बुआई के बाद खेतों में खड़ी फसलें अब पानी के इंतजार में मुरझाने लगी हैं। किसानों का कहना है कि उन्होंने महंगे दामों पर बीज, खाद और दवाइयों का उपयोग कर बोवनी तो कर दी, लेकिन समय पर बारिश नहीं होने से लाखों रुपये का निवेश खतरे में पड़ता नजर आ रहा है।
बारिश नहीं होने से मौसम भी पूरी तरह बदल गया है। गर्मी और उमस के कारण लोगों को फिर से कूलर और एसी का सहारा लेना पड़ रहा है। बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई दे रहा है। अस्पतालों में वायरल बुखार, सर्दी और जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
वहीं, अच्छी बारिश की कामना को लेकर कई गांवों में मंदिरों में रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। अब किसानों की निगाहें आसमान पर टिकी हैं और सभी को अच्छी बारिश का इंतजार है।