📰 पूरी खबर:
धार जिले के खलघाट से विकास कार्यों की बड़ी खबर सामने आई है। खलबुजुर्ग स्थित प्राथमिक विद्यालय के खेल परिसर का आज विधिवत भूमिपूजन किया गया।
धरमपुरी जनपद पंचायत की सदस्य श्रीमती भारती मुकेश भामदरे ने जनपद निधि से लगभग 4 लाख रुपये की लागत से बनने वाले खेल परिसर का भूमिपूजन किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से इस स्थान पर खेल परिसर और सार्वजनिक आयोजनों के लिए उचित व्यवस्था की मांग की जा रही थी। त्योहारों, शादी-विवाह और विशेष रूप से प्रसिद्ध गणगौर पर्व के दौरान लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
जनपद सदस्य भारती मुकेश भामदरे ने आमजन की मांग को गंभीरता से लेते हुए इस कार्य को स्वीकृति दिलाई। इससे पहले भी उनके प्रयासों से खलघाट हाट बाजार का सीमेंट कांक्रीट निर्माण, नर्मदा घाट मार्ग और नाली निर्माण जैसे कई विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं।
भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा विधायक प्रतिनिधि कैलाश पाटीदार, भाजपा नगर अध्यक्ष मनीष शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।