📰 पूरी खबर:
धार जिले के ग्राम देदला की छात्राओं ने अपनी बड़ी समस्या को लेकर कलेक्टर जनसुनवाई में गुहार लगाई है। छात्राओं का कहना है कि उनका कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल गांव से करीब 8 से 9 किलोमीटर दूर स्थित है, जिससे उन्हें रोजाना स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
छात्राओं ने बताया कि रास्ता सुनसान होने के कारण हमेशा डर बना रहता है। खासकर बारिश के मौसम में स्थिति और भी मुश्किल हो जाती है। कई बार समय पर स्कूल पहुंचना भी संभव नहीं हो पाता।
कक्षा 11वीं की छात्रा नेहा चौहान ने बताया कि इस समस्या की जानकारी कई बार स्कूल प्राचार्य को दी गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद सभी छात्राएं जनसुनवाई में पहुंचीं और कलेक्टर को आवेदन सौंपकर बस सुविधा या साइकिल उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि वे सुरक्षित और नियमित रूप से शिक्षा प्राप्त कर सकें।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन छात्राओं की इस मांग पर कब तक फैसला लेता है।