📰 पूरी खबर:
धार / नई दिल्ली। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार–महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने आज नई दिल्ली में भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में सौजन्य भेंट की। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान श्रीमती ठाकुर ने महामहिम राष्ट्रपति को आगामी अक्टूबर माह में वीरांगना रानी दुर्गावती जी की जयंती के अवसर पर धार आगमन हेतु औपचारिक निमंत्रण प्रदान किया।
श्रीमती सावित्री ठाकुर ने राष्ट्रपति महोदया को अवगत कराया कि रानी दुर्गावती जी की जयंती के उपलक्ष्य में अक्टूबर माह में धार में एक भव्य महिला सशक्तिकरण सम्मेलन आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इस सम्मेलन में लोकसभा के विभिन्न क्षेत्रों से स्वयं सहायता समूहों का सफल संचालन करने वाली महिलाएं, युवा उद्यमी महिलाएं, नवाचार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला प्रतिनिधिगण तथा समाज सेवा एवं महिला नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
श्रीमती ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा और गति मिली है। केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, आर्थिक रूप से सशक्त करने तथा नेतृत्व की मुख्यधारा में स्थापित करने का कार्य किया है। प्रस्तावित सम्मेलन इसी परिवर्तनकारी सोच को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति से आग्रह किया कि उनके गरिमामय सान्निध्य से यह आयोजन ऐतिहासिक बनेगा तथा विशेष रूप से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की महिलाओं को प्रेरणा प्राप्त होगी। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक समर्पण और राष्ट्र के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक की उनकी यात्रा देश की प्रत्येक महिला के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्रीमती सावित्री ठाकुर ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि महामहिम राष्ट्रपति इस आयोजन में सम्मिलित होती हैं, तो महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत तथा विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी। साथ ही रानी दुर्गावती जी के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति एवं बलिदान के संदेश को देशभर की नई पीढ़ी तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का अवसर प्राप्त होगा।
सौजन्य भेंट के दौरान विभिन्न सामाजिक एवं महिला विकास से जुड़े विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। श्रीमती ठाकुर ने महामहिम राष्ट्रपति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ एवं सफल कार्यकाल की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।