📰 पूरी खबर:
खलघाट। निमाड़ी साहित्य, संस्कृति, कला और संगीत की प्रतिनिधि संस्था अखिल निमाड़ लोक परिषद् (अनिलोप) द्वारा घोषित 25 सम्मानों में से एक ‘निमाड़ी सेवा सम्मान’ इस वर्ष खलघाट निवासी कैलाश पिता गंगाराम चौहान को प्रदान किया जाएगा।
यह सम्मान 19 सितंबर 2026, शनिवार को खरगोन के समीप खंडवा रोड स्थित गायत्री मंदिर, वृक्ष तीर्थ, मेहरजा में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान मंडलेश्वर के निमाड़ी कवि स्वर्गीय श्री गजानन जी चौहान ‘नम्र’ की स्मृति में डॉ. ललिता जी बरगे के सौजन्य से दिया जा रहा है।
कैलाश चौहान अखिल निमाड़ लोक परिषद् की खलघाट इकाई के संरक्षक, समाजसेवी और कृषक हैं। वे लंबे समय से निमाड़ी साहित्य, संस्कृति, कला और संगीत को प्रोत्साहित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उनके मार्गदर्शन में खलघाट में अनिलोप की सदस्यता में वृद्धि हुई है। वहीं श्री जानकीनाथ मंदिर में संत सिंगाजी के मृदंग भजन, निमाड़ी काव्य गोष्ठी, निमाड़ी लोकगीत प्रतियोगिता, निमाड़ी भजन प्रतियोगिता और संजा निर्माण प्रतियोगिता सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किए जाते हैं। गणगौर पर्व के आयोजन में भी उनका महत्वपूर्ण सहयोग रहता है।
कैलाश चौहान द्वारा स्वरचित एवं संकलित निमाड़ी भजनों की प्रस्तुति प्रतिदिन श्री जानकीनाथ मंदिर में आरती के बाद नियमित रूप से की जाती है। वे भगवान श्रीराम के परम भक्त हैं और रामचरितमानस के मर्मज्ञ एवं चिंतक के रूप में भी अपनी पहचान रखते हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से उनका मौलिक चिंतन भी नियमित रूप से प्रसारित होता है।
खलघाट में श्री जानकीनाथ मंदिर के भव्य निर्माण में भी कैलाश चौहान की भूमिका सराहनीय रही है।
निमाड़ी साहित्य, संस्कृति, कला और संगीत के प्रति उनके निःस्वार्थ समर्पण और निरंतर योगदान को देखते हुए अखिल निमाड़ लोक परिषद् द्वारा इस वर्ष उन्हें ‘निमाड़ी सेवा सम्मान’ के लिए चुना गया है।
सम्मान के लिए कैलाश चौहान का नाम घोषित होने पर खलघाट इकाई के सभी पदाधिकारियों एवं आजीवन सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।