📰 पूरी खबर:

राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य श्री प्रियंक कानूनगो 01 जून को अनूपपुर जिले के भ्रमण पर रहेंगे

अनूपपुर 18 मई 2026/ राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली के सदस्य श्री प्रियंक कानूनगो 01 जून 2026 को प्रातः 10 बजे से अनूपपुर जिले का भ्रमण करेंगे। इस प्रवास का मुख्य उद्देश्य मानव अधिकार, समावेशी विकास, कल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न अधिनियमों के जमीनी क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा करना है। आयोग के सदस्य के सुचारू समन्वय, बैठक एवं स्थल निरीक्षण हेतु कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री के.के. सोनी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग श्री विनोद परस्ते को नोडल अधिकारी बनाया है। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई है।

शासकीय उद्यान अमरकंटक एवं शासकीय उद्यान रोपणी किरगी में नासपाती फलहार की नीलामी 28 मई को

अनूपपुर 18 मई 2026/ सहायक संचालक उद्यान द्वारा सर्वसाधारण फलहार के इच्छुक क्रेता/व्यापारियों को सूचित किया गया है कि शासकीय उद्यान अमरकंटक तथा शासकीय उद्यान रोपणी किरगी, विकासखण्ड पुष्पराजगढ़ के नासपाती फलहार वर्ष 2026-27 की नीलामी 28 मई 2026 को शासकीय उद्यान अमरकंटक तथा शासकीय उद्यान रोपणी किरगी में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इच्छुक क्रेता/व्यापारी निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर नीलामी में भाग ले सकते हैं। शासकीय उद्यान अमरकंटक में नासपाती फलहार के 293 वृक्षों हेतु अमानत/धरोहर राशि 30,000 रुपये तथा शासकीय उद्यान रोपणी किरगी में 176 वृक्षों हेतु अमानत/धरोहर राशि 30,000 रुपये निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी हेतु कलेक्ट्रेट अनूपपुर स्थित कार्यालय सहायक संचालक उद्यान में सम्पर्क किया जा सकता है।