📰 पूरी खबर:
देवास। “ऑपरेशन हवालात” के तहत देवास पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की धरपकड़ के अभियान में प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना बागली पुलिस ने चोरी के मामले में 10 वर्षों से फरार स्थाई वारंटी आरोपी विजय उर्फ विजेश पिता सुखदेव निवासी पुंजापुरा को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस द्वारा लंबे समय से फरार इनामी एवं गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बागली में दर्ज प्रकरण क्रमांक 697/2016 धारा 457, 380 के आरोपी विजय उर्फ विजेश पिछले लगभग 10 वर्षों से पुलिस गिरफ्त से दूर चल रहा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) हरनारायण बाथम के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बागली संजय सिंह बैस के निर्देशन में थाना प्रभारी बागली मनोज सिंह के नेतृत्व में “ऑपरेशन हवालात” के तहत विशेष टीम गठित की गई थी।
मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई।