📰 पूरी खबर:

अनूपपुर 23 मई 2026/ राज्य सरकार के दिशा- निर्देशानुसार कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन मे जिले क चारों विकास खण्ड जैतहरी, अनूपपुर, कोतमा, पुष्पराजगढ़ के ग्राम रोजगार सहायको को ऑनलाइन मॉनिटरिंग,जलकर वसूली, फीडबैक और शिकायत निवारण का तकनीकी प्रशिक्षण लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य योजना के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करना है।
जल जीवन मिशन और जल दर्पण व्यवस्था को सुदृढ करने के उद्देश्य तथा रियल टाइम मॉनिटरिंग के उद्देश्यों को साकार करने में प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
प्रशिक्षण में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन के रखरखाव और फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण का व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा पंचायत स्तर पर जल प्रभार प्रबंधन, कर संग्रह, ऑनलाइन बिलिंग और उपयोगकर्ताओं की शिकायत निवारण प्रणाली को डिजिटल रूप से संचालित करने के साथ ही जल दर्पण प्रणाली के माध्यम से पानी की टंकियां और योजनाओं की वास्तविक समय, (रियल टाइम) निगरानी के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्राम रोजगार सहायकों को फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) का वितरण भी किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान ग्राम रोजगार सहायकों ने भी विभिन्न तकनीकी विषयों पर जानकारी प्राप्त कर अपनी जिज्ञासों का समाधान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम मे लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा जनपद पंचायतो के अधिकारी उपस्थित रहे।