📰 पूरी खबर:
उज्जैन,26 मई । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पेट्रोल एवं डीजल की बचत तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए आव्हान के अनुरूप इलेक्ट्रॉनिक साईकिल शासन की योजनाओं को धरातल पर उतरने वाली दीदीयों को वितरित की जा रही है । यह ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देगी। इससे ईधन की खपत कम होने के साथ-साथ प्रदूषण में भी कमी आएगी। सीआरपी दीदीयों,आंगनवाडी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं एएनएम को ई साइकिल वितरण महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नवीन कदम है। इलेक्ट्रॉनिक साईकिल दीदीयों की कार्यक्षमता बढ़ाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगी। यह उद्बोधन मुख्यमंत्री डॉ यादव ने उज्जैन हेलीपैड पर प्रोजेक्ट संवर्धन और आजीविका मिशन अंतर्गत कार्य करने वाली दीदीयों को ई साइकिल वितरण के कार्यक्रम में दिया।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सभी उपस्थित दीदियों और गणमान्य नागरिकों को गंगा दशहरा की शुभ मंगलकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि कहा कि "जल ही जीवन है" और सरकार द्वारा जल संरक्षण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। सरकार द्वारा प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 अंतर्गत लगभग 10 हजार करोड़ रूपये की राशि से ज्यादा के लगभग 2 लाख से अधिक कार्य किए जा रहे है। सरकार द्वारा गुड़ी पड़वा से कुँए,बावड़ी ,नदी ,नहर, नदियों के उद्गम स्थल और जल संरचनाओं के संरक्षण, साफ सफाई और वृक्षारोपण के कार्य किए जा रहे है।उन्होंने कहा कि धार के भोजशाला में न्यायिक निर्णय के बाद सर्वसम्मति से भव्य सरस्वती लोक का निर्माण राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने आजीविका मिशन अंतर्गत स्व-सहायता समूह की उत्कृष्ट सीआरपी दीदीयों तथा प्रोजेक्ट संवर्धन अंतर्गत कार्य करने वाली आंगनवाडी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं एएनएम को सीएसआर अंतर्गत इमोटोरड कम्पनी के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक साईकिल वितरण की। इलेक्ट्रॉनिक साईकिल दीदीयों के दैनिक कार्यों में सुगमता प्रदान करेगी इसके उपयोग से महिलाओं को आवागमन में सुविधा, समय की बचत और आर्थिक लाभ प्राप्त होगा ।
कार्यक्रम में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा और जितेंद्र सिंह पंड्या,महापौर मुकेश टटवाल,जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती शिवानी कुंवर, संजय अग्रवाल, राजेश धाकड़ लक्ष्मीनारायण मालवीय और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।