📰 पूरी खबर:
पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुंबई सेंट्रल और काठगोदाम के बीच संचालित साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अब नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, यह ट्रेन अब नए संशोधित नंबर 21907/21908 के साथ नियमित रूप से संचालित होगी।
27 मई से नियमित सेवा शुरू
ट्रेन संख्या 21907 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को सुबह 10:55 बजे मुंबई सेंट्रल से रवाना होगी। यह ट्रेन रात 8:10 बजे रतलाम पहुंचेगी, जहां 10 मिनट के ठहराव के बाद आगे बढ़ेगी और अगले दिन दोपहर 1:50 बजे काठगोदाम पहुंचेगी।
वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को शाम 5:30 बजे काठगोदाम से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन शुक्रवार सुबह 10:30 बजे रतलाम पहुंचेगी और 10:40 बजे आगे रवाना होकर रात 9 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
दोनों दिशाओं में यह ट्रेन बोरीवली, वापी, वलसाड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, शामगढ़, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, बदायूं, बरेली जंक्शन, बरेली सिटी, इज्जतनगर, बहेड़ी, किच्छा, लालकुआं और हल्द्वानी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
सभी श्रेणियों के यात्रियों के लिए सुविधा
पहले यह ट्रेन 09075/09076 नंबर से स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालित हो रही थी। अब इसे नियमित किए जाने के बाद यात्रियों को अधिक स्थायी और बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। ट्रेन में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर तथा द्वितीय श्रेणी सामान्य कोच उपलब्ध रहेंगे।
रेलवे का मानना है कि इस ट्रेन के नियमित संचालन से मुंबई और उत्तराखंड के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा पश्चिम रेलवे के इस रूट पर कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।