📰 पूरी खबर:

शाजापुर। जिला पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहन बड़ोदिया थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पिछले 9 महीनों से फरार चल रहे चोरी के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी किया गया माल भी बरामद कर लिया गया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर कॉलोनी शाजापुर निवासी फरियादी रामबाबू वर्मा पिता चन्द्रबली वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 अगस्त 2025 की रात को कोई अज्ञात बदमाश पुराना चौमा की पुलिया के पास से उनकी बीज बनाने की तराफें चोरी कर ले गया था। फरियादी की शिकायत पर थाना मोहन बड़ोदिया में अपराध क्रमांक 275/2025, धारा 303 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले के खुलासे के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं अनुविभागीय अधिकारी अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अरविन्द सिंह तोमर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।पुलिस टीम ने आरोपी गोपाल सिंह पिता पप्पूलाल (निवासी ग्राम बाबल्दा, जिला राजगढ़) को पकड़ने के लिए उसके घर और रिश्तेदारों के यहां कई बार दबिश दी, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल-बदल कर छिप रहा था


आखिरकार, मुखबिर से मिली सटीक सूचना और साइबर सेल की तकनीकी मदद से पुलिस ने जाल बिछाया। 9 महीने से फरार चल रहे इस आरोपी को 26 मई 2026 की शाम सारंगपुर बस स्टैंड से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा कड़ाई से की गई पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई 05 तराफें बरामद की गईं, जिनकी कीमत करीब 30,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस इस चोरी में शामिल आरोपी के अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है। आरोपी को वैधानिक कार्रवाई के बाद आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।चोरी के खुलासे और आरोपी को दबोचने में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह तोमर, सहायक उपनिरीक्षक मेहमूद अली, प्रधान आरक्षक हेमेन्द्र जादौन, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र सितपरा, आरक्षक सुरेश राठोर, आरक्षक शेलेन्द्र गुर्जर, आरक्षक शेलेन्द्र शर्मा, आरक्षक अर्जुन बागड़ी, आरक्षक शिवचरण और साइबर सेल टीम की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।