📰 पूरी खबर:

देवास | दिलीप सोलंकी

विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह के अंतर्गत जिला चिकित्सालय देवास में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजिनी जेम्स बेक ने बताया कि इस वर्ष विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह की थीम “निकोटिन और तंबाकू की लत का आकर्षण बेनकाब करें” रखी गई है। इस थीम के अनुरूप विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि तंबाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक, दांत एवं फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। निकोटिन की लत युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और शैक्षणिक प्रदर्शन को भी प्रभावित करती है।

सिविल सर्जन डॉ. आर.पी. परमार ने निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी (NRT) की जानकारी देते हुए बताया कि यह उपचार तंबाकू छोड़ने में सहायक होता है और धीरे-धीरे लत को कम करता है। उन्होंने कोटपा अधिनियम के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध संबंधी प्रावधानों की भी जानकारी दी।

आरएमओ डॉ. अजय पटेल ने स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और तनाव प्रबंधन तंबाकू छोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जिला कोटपा नोडल अधिकारी डॉ. सनी चौरसे ने तंबाकू सेसेशन सेंटर एवं निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) 2003 की धारा 4 के अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है और उल्लंघन करने पर 200 रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। धारा 5 के तहत तंबाकू उत्पादों के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष विज्ञापनों पर रोक है, जबकि धारा 6 के अनुसार 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचना या उनसे खरीदना अपराध है। विद्यालयों के 100 गज (300 फीट) के दायरे में तंबाकू उत्पादों का उपयोग, क्रय-विक्रय भी प्रतिबंधित है।

कार्यक्रम में डॉ. शिवम पालीवाल ने तंबाकू सेवन से होने वाले कैंसर, हृदय एवं श्वसन रोगों के खतरों पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. फराह ने तंबाकू उत्पादों के भ्रामक प्रचार और उनके सामाजिक दुष्प्रभावों पर चर्चा की।

कार्यक्रम के अंत में जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने सामूहिक रूप से “नो टोबैको प्लेज” लेकर तंबाकू सेवन से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।