📰 पूरी खबर:

देवास | दिलीप सोलंकी

देवास जिले के प्रसिद्ध नेमावर घाट पर श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में घाट क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराए गए।

नेमावर घाट पर पूर्व से स्थापित बैरिकेडिंग्स की मरम्मत एवं दुरुस्ती कर उन्हें व्यवस्थित किया गया है। साथ ही नदी के गहरे एवं जोखिमपूर्ण क्षेत्रों के समीप चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालु और पर्यटक सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें तथा गहरे पानी में जाने से बचें।

पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, निर्धारित सुरक्षित क्षेत्रों में ही स्नान करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से घाट पर समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा और आवश्यक सुधार कार्य किए जाते रहेंगे।

देवास पुलिस ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए पुलिस लगातार प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।