📰 पूरी खबर:

लोकेशन : देवास | दिलीप सोलंकी

देवास। माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के नेतृत्व में मध्यप्रदेश पुलिस को अधिक सक्षम, सशक्त और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से नव आरक्षक भर्ती प्रक्रिया मिशन मोड पर लगातार जारी है। इसी क्रम में वर्ष 2025 की पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत जिला पुलिस देवास को 128 नव चयनित आरक्षक प्राप्त हुए हैं।

प्रथम चरण में पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा नव चयनित आरक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर एसपी श्री गेहलोद ने सभी नव आरक्षकों का मध्यप्रदेश पुलिस परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें देशभक्ति, जनसेवा, अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों से अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल रोजगार नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को संवेदनशीलता और समर्पण के साथ आमजन की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्य करना चाहिए।

नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद सभी नव आरक्षक निर्धारित पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण हेतु रवाना होंगे। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात वे पुलिस बल का अभिन्न अंग बनकर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने, जनसुरक्षा सुनिश्चित करने और सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

विशेष बात यह रही कि चयनित अभ्यर्थियों में कई ऐसे युवा शामिल हैं जिन्होंने कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार किया है। अशोक कुमावत ने सात वर्षों तक होमगार्ड में सेवाएं देने के बाद यह सफलता हासिल की। अमन यादव ट्रक चालक के पुत्र हैं, जबकि कीर्ति पैठारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत हैं।

प्रियंका कुमावत पिछले तीन वर्षों से निजी शिक्षक के रूप में कार्य कर रही थीं। कुन्दन अमेजॉन डिलीवरी बॉय के रूप में कार्य करते रहे हैं और उनके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सुमति कुमार ने अपने पांचवें प्रयास में सफलता प्राप्त कर दृढ़ संकल्प का उदाहरण प्रस्तुत किया है। वहीं शिक्षक पुत्र चेतन परमार ने भी अपने अथक परिश्रम से यह उपलब्धि हासिल की है।

इन सभी युवाओं की सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

देवास पुलिस परिवार ने सभी नव चयनित आरक्षकों का हार्दिक स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल पुलिस सेवा जीवन की शुभकामनाएं दी हैं।