📰 पूरी खबर:

सांवेर/चंद्रावतीगंज (जिला इंदौर)। इंदौर जिले की सांवेर तहसील अंतर्गत ग्राम चंद्रावतीगंज में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे आए तेज आंधी-तूफान और हवाओं के कारण क्षेत्र की कई बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। खंभे गिरने, तार टूटने और विभिन्न स्थानों पर फॉल्ट आने से कई गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।

बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारी दोपहर से ही मैदान में उतर गए और देर रात तक लगातार कार्य करते रहे। कर्मचारियों ने विपरीत परिस्थितियों में बिना आराम किए क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत कर एक-एक फॉल्ट को ठीक किया।

बिजली विभाग के कर्मचारी पंकज कुमावत, उमंग कुमावत, माखन कपाड़िया एवं आशीष यादव ने देर रात करीब 1 बजे तक लगातार मेहनत कर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। कर्मचारियों की तत्परता और समर्पण के चलते ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।

ग्रामीणों ने जताया आभार

बिजली बहाल होते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और बिजली कर्मचारियों के कार्य की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि कठिन परिस्थितियों में भी कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया। लोगों ने कहा कि "ऐसे हालात में भी कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना सेवा दी, जो वास्तव में सराहनीय है।"

रिपोर्टर: संतोष व्यास