📰 पूरी खबर:

शाजापुर जिले की शुजालपुर विधानसभा में विकास कार्यों को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जिस सड़क का निर्माण कुछ माह पहले ही हुआ था, उसी सड़क पर अब दोबारा सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। आखिर ऐसा क्यों? क्या पहले बना निर्माण मानकों पर खरा नहीं उतरा या फिर सरकारी राशि का दोहरा उपयोग किया जा रहा है? देखिए सूर्या परमार की यह विशेष रिपोर्ट।

शुजालपुर विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सड़कों सहित कई विकास कार्यों की सौगात दी गई है। वहीं प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी लगातार क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न निर्माण कार्यों को स्वीकृति दिला रहे हैं।

लेकिन ईचीवाड़ा से केवड़ाखेड़ी मार्ग पर सामने आ रही तस्वीरें विकास कार्यों की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि जिस सड़क और सीसी रोड का निर्माण कुछ माह पहले ही कराया गया था, उसी हिस्से पर अब फिर से सीसी रोड का निर्माण किया जा रहा है।

ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सड़क पहले से बनी हुई थी, तो उसी स्थान पर दोबारा निर्माण की आवश्यकता क्यों पड़ गई? क्या पहले किया गया निर्माण गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं था? क्या निर्माण कार्य में ऐसी कोई कमी रह गई थी, जिसके कारण कुछ ही महीनों बाद फिर से काम करना पड़ रहा है? या फिर इसके पीछे कोई और वजह है?

ग्रामीणों और क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यदि पहला निर्माण सही और गुणवत्तापूर्ण था, तो दोबारा निर्माण पर सरकारी धन क्यों खर्च किया जा रहा है?

और यदि दूसरा निर्माण आवश्यक हो गया, तो पहले निर्माण पर खर्च हुई सरकारी राशि की जवाबदेही कौन तय करेगा? इन सवालों का जवाब संबंधित विभाग, निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों को देना होगा।

सरकार विकास योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र को बेहतर सड़क सुविधाएं देने का दावा कर रही है और जनप्रतिनिधि लगातार विकास कार्य स्वीकृत करा रहे हैं। लेकिन यदि कुछ ही महीनों में बनी सड़क पर दोबारा निर्माण की नौबत आ जाए, तो सवाल उठना स्वाभाविक है।

ईचीवाड़ा से केवड़ाखेड़ी मार्ग पर अब चर्चा सड़क निर्माण की नहीं, बल्कि उसी सड़क पर हुए कथित "डबल निर्माण" की है। जनता जानना चाहती है कि यह विकास कार्य है, मरम्मत है या फिर पहले हुए निर्माण की गुणवत्ता पर लगा कोई बड़ा प्रश्नचिह्न?

रिपोर्ट – सूर्या परमार, शुजालपुर