📰 पूरी खबर:
अनूपपुर अमरकंटक प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन स्थल अमरकंटक में बुधवार 10 जून की संध्याकाल हुई हल्की रिमझिम वर्षा ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। लगभग 10 से 15 मिनट तक हुई बूंदाबांदी से वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
संध्या लगभग 6 बजे अमरकंटक के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई। हालांकि पूरे नगर में एक समान बारिश नहीं हुई, लेकिन जहां-जहां फुहारें पड़ीं वहां मौसम पूरी तरह बदल गया। दोपहर बाद से ही आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल लिया था और बारिश की संभावना दिखाई देने लगी थी। कुछ समय बाद बादलों ने रिमझिम फुहारों के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
नौतपा की समाप्ति के बाद पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में उमस और चुभन वाली गर्मी का एहसास हो रहा था। तापमान में विशेष वृद्धि नहीं हुई थी, फिर भी गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी। बुधवार की शाम हुई हल्की वर्षा ने मौसम को शीतल और आनंददायक बना दिया।
बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई तथा वातावरण में ताजगी छा गई। ठंडी हवाओं और रिमझिम फुहारों का लोगों ने भरपूर आनंद लिया। कई दिनों से वर्षा के संकेत मिल रहे थे, लेकिन बारिश नहीं हो रही थी। आखिरकार बुधवार शाम मौसम ने करवट ली और अमरकंटक का वातावरण एक बार फिर मनमोहक एवं सुहावना हो गया।