📰 पूरी खबर:
दक्षिण पन्ना वनमंडल द्वारा आगामी वन महोत्सव (1 से 7 जुलाई) के अवसर पर एक विशेष “बीज संग्रहण एवं बीजदान अभियान” प्रारंभ किया जा रहा है। इस अभियान की प्रेरणा शाहनगर परिक्षेत्र में पदस्थ वनरक्षक श्री आशीष कुमार पाण्डेय की उस सराहनीय पहल से मिली है, जिसमें उन्होंने नागरिकों से अपील की कि आम, जामुन, नीम, सीताफल, बेर तथा अन्य मौसमी फलों के बीजों को फेंकने के बजाय सुरक्षित रूप से एकत्रित किया जाए। उनकी इस सोच को दक्षिण पन्ना वनमंडल ने अपनाते हुए इसे जनभागीदारी आधारित पर्यावरण संरक्षण अभियान का स्वरूप दिया है।
वन विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि जून माह में अपने घरों, विद्यालयों, खेतों तथा आसपास उपलब्ध फलों के बीजों का संग्रहण करें और 1 से 7 जुलाई के बीच उन्हें अपने निकटतम वन परिक्षेत्र कार्यालय सलेहा, शाहनगर, रैपुरा, कल्दा, मोहन्द्रा अथवा उपवनमंडल कार्यालय, पन्ना में जमा कराएं। प्राप्त बीजों का उपयोग वर्षाकाल में वन विभाग द्वारा बिगड़े एवं रिक्त वन क्षेत्रों में बुवाई और पौध स्थापना के लिए किया जाएगा, जिससे कम लागत में बड़े स्तर पर हरित आवरण बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
इस पहल के पीछे यह सरल विचार है कि जिन बीजों को हम सामान्यतः कचरे में फेंक देते हैं, वे अनुकूल परिस्थितियाँ मिलने पर भविष्य के वृक्ष बन सकते हैं। शाहनगर के वनरक्षक आशीष कुमार पाण्डेय के पुत्रों द्वारा स्वयं जामुन के बीज एकत्रित कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की प्रेरक पहल ने भी इस अभियान को नई दिशा दी है। यह संदेश देता है कि पर्यावरण संरक्षण की शिक्षा घर से प्रारंभ होती है और छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।
दक्षिण पन्ना वनमंडल ने घोषणा की है कि अभियान में वनमंडल स्तर पर सर्वाधिक योगदान देने वाले शीर्ष तीन बीज संग्राहकों को विशेष आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा। वन विभाग ने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों, ग्राम वन समितियों एवं प्रकृति प्रेमियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा है कि “आज का एक बीज, कल का एक वृक्ष है; और आज का एक वृक्ष, आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य।”