📰 पूरी खबर:

नटेरन | नीतेश नामदेव की रिपोर्ट

पीएम पोषण योजना के अंतर्गत शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को स्वच्छ, स्वादिष्ट एवं मेनू के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद शिक्षा केंद्र नटेरन परिसर में ब्लॉक स्तरीय कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की रसोइयों ने अपने पाक कौशल का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में विधायक सूर्य प्रकाश मीना, अनुविभागीय अधिकारी अजय प्रताप सिंह पटेल, जनपद पंचायत नटेरन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि यशपाल सिंह रघुवंशी, उपाध्यक्ष नीलेश धाकड़ सहित बीआरसी, बीईओ एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने तैयार किए गए भोजन का अवलोकन कर गुणवत्ता, स्वच्छता एवं स्वाद का मूल्यांकन किया।

विजेताओं को मिला सम्मान

ब्लॉक स्तरीय चयन समिति द्वारा निर्धारित मापदंडों के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया। विजेताओं को नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में शामिल अन्य सभी रसोइयों को भी प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

सीधे खाते में पहुंचती है राशि

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों को प्रतिमाह ₹4,000 का पारिश्रमिक सीधे उनके बैंक खातों में जमा किया जाता है। वहीं भोजन सामग्री के लिए शासन स्तर से संबंधित एजेंसियों को भी सीधे बैंक खाते में राशि उपलब्ध कराई जाती है।

इनका रहा विशेष योगदान

कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम प्रभारी सुधीर जैन, अशोक अहिरवार, अशोक नागले, उमाशंकर शर्मा, शैलेश भार्गव, वीरेंद्र तिवारी एवं बालमुकुंद शर्मा का विशेष योगदान रहा। सभी ने व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित कर आयोजन को सफल बनाया।