📰 पूरी खबर:

पन्ना। संचालनालय तकनीकी शिक्षा, मध्यप्रदेश द्वारा जारी ऑनलाइन काउंसलिंग समय-सारणी 2026-27 के अनुसार शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, पन्ना एवं पवई में विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु द्वितीय चरण की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 18 जून 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन कर अपनी पसंदीदा संस्था एवं पाठ्यक्रम का चयन कर सकते हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य अरविंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि द्वितीय चरण के अंतर्गत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 9 जून से 18 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है। पंजीयन में त्रुटि सुधार (एडिट रजिस्ट्रेशन) की सुविधा 19 एवं 20 जून को उपलब्ध रहेगी। इसके पश्चात मेरिट सूची एवं सीट आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न होगी।

उन्होंने बताया कि शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय पन्ना में मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम संचालित हैं। वहीं शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय पवई में सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन शाखाओं में प्रवेश दिए जाएंगे। द्वितीय चरण की काउंसलिंग के बाद रिक्त सीटों पर संस्थागत स्तर की काउंसलिंग (सीएलसी) के माध्यम से 4 जुलाई से 12 अगस्त 2026 तक प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जाएगी।

प्राचार्य श्री त्रिपाठी ने बताया कि संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाएं, अनुभवी संकाय एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं के लिए यह सुनहरा अवसर है कि वे समय-सीमा के भीतर आवेदन कर अपने भविष्य को नई दिशा दें।

महाविद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में 200 से अधिक विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में प्लेसमेंट हुआ है। इनमें Subros Limited, Adani Group, John Deere, Ashok Leyland, Tata Motors, Maruti Suzuki, Eicher, CEAT तथा अन्य प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल हैं।

प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी तकनीकी शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट DTE MP Online Counselling Portal पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं अथवा कार्यालयीन समय में महाविद्यालय से संपर्क कर सकते हैं।