📰 पूरी खबर:

पन्ना। पन्ना पुलिस ने स्कूल का ताला तोड़कर चोरी करने और खेतों से सिंचाई मोटर चुराने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 60 हजार रुपये की चोरी गई सामग्री बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देश पर जिले में लंबित चोरी की वारदातों के खुलासे के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय माध्यमिक शाला झिरमिला के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार जैन ने थाना पवई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 जून की रात अज्ञात चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर महत्वपूर्ण सामग्री चोरी कर ली तथा स्कूल के दस्तावेजों में आग लगा दी।

वहीं ग्राम बुधेड़ा निवासी लोकेंद्र सिंह ने अपने खेत से सिंचाई मोटर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों की जांच के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार ने मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में प्रदीप पटेल उर्फ जहरीला (21 वर्ष) निवासी मुराछ थाना पवई तथा प्रिंस राजा (25 वर्ष) निवासी बुधेड़ा थाना अमानगंज ने स्कूल से शासकीय सामग्री और खेत से सिंचाई मोटर चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई करीब 60 हजार रुपये मूल्य की सामग्री बरामद की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें उप जेल पवई भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार, सहायक उप निरीक्षक राम सजीवन तिवारी, प्रधान आरक्षक विनोद कुमार अहिरवार, कमलेश शर्मा, सुरेंद्र प्रजापति तथा आरक्षक राकेश डुडवे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।