📰 पूरी खबर:

सारंगपुर। राजगढ़ जिले के सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बिलोदा पूर्वीया में कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसान कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उस समय विशेष आकर्षण देखने को मिला जब राज्यमंत्री गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राजपूत बैलगाड़ी में बैठकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

नेताओं का यह पारंपरिक अंदाज किसानों और ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। इसे प्राकृतिक खेती और भारतीय कृषि परंपराओं से जुड़ने का प्रतीकात्मक संदेश माना गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने किसानों से अपील की कि वे कम से कम एक-दो बीघा भूमि पर प्राकृतिक खेती की शुरुआत अवश्य करें। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल उत्पादन लागत कम करती है बल्कि मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राजपूत ने कहा कि भारतीय कृषि परंपरा सदैव प्रकृति आधारित रही है। हमारे पूर्वज बिना रासायनिक खाद और दवाइयों के खेती करते थे, लेकिन आधुनिकता की दौड़ में हम अपनी मूल परंपराओं से दूर हो गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र में 375 किसान प्राकृतिक खेती कर रहे हैं तथा इस वर्ष 150 नए किसानों को इससे जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, मंडल अध्यक्ष महेश पुष्पद, विकास दीक्षित, महिला मोर्चा जिला महामंत्री नीलम सक्सेना, कृषि विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।