📰 पूरी खबर:
अनूपपुर 20 जून 2026। विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता, जांच एवं उपचार कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में चलाए गए विशेष जांच अभियान के तहत जिलेभर में कुल 2,225 हितग्राहियों की सिकल सेल जांच की गई। वहीं जिला चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुष्पराजगढ़ में आयोजित विशेष शिविरों में 134 सिकल सेल मरीजों की जांच एवं उपचार कर उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य सिकल सेल रोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच को प्रोत्साहित करना तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
जिला चिकित्सालय के स्व-सहायता भवन में आयोजित विशेष जागरूकता, जांच एवं पेशेंट सपोर्ट ग्रुप मीटिंग कार्यक्रम में 0 से 40 वर्ष आयु वर्ग के व्यक्तियों की जांच की गई। इस दौरान गर्भवती महिलाओं, बच्चों, मरीजों एवं उनके परिजनों को सिकल सेल रोग के लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में जानकारी दी गई।
सिकल सेल कार्यक्रम के सह-नोडल अधिकारी डॉ. शिवेंद्र कुमार द्विवेदी ने सिकल सेल जांच की आवश्यकता, समय पर उपचार एवं परिवार की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. एन.पी. मांझी ने गर्भावस्था के दौरान सिकल सेल एनीमिया के प्रभाव एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
जिला चिकित्सालय में आयोजित शिविर में 92 सिकल सेल मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। 12 वर्ष तक के पात्र बच्चों को पीसीवी-13 एवं पीपीवी-23 टीके लगाए गए। सभी मरीजों को एक माह के लिए हाइड्रोक्सी यूरिया एवं फोलिक एसिड की दवाइयां प्रदान की गईं तथा सीबीसी जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई।
इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुष्पराजगढ़ में आयोजित पेशेंट सपोर्ट ग्रुप मीटिंग में 142 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। यहां 42 सिकल सेल मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया तथा उन्हें हाइड्रोक्सी यूरिया, फोलिक एसिड एवं आयुष विभाग द्वारा प्रदत्त दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही मरीजों एवं परिजनों को विभिन्न शासकीय सुविधाओं एवं विकलांगता प्रमाण-पत्र संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।
विश्व सिकल सेल दिवस की थीम "जीवन रक्षा के अंतर को समाप्त करना, सिकल सेल देखभाल में समानता सुनिश्चित करना" के अनुरूप नर्सिंग महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली गई। छात्राओं ने पोस्टरों एवं नारों के माध्यम से आमजन को सिकल सेल रोग के कारणों, लक्षणों, जटिलताओं एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी दी।
जिले में चलाए गए विशेष जांच अभियान के तहत विकासखंड अनूपपुर में 826, जैतहरी में 463, कोतमा में 627 तथा पुष्पराजगढ़ में 309 हितग्राहियों की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे सिकल सेल की नियमित जांच कराएं और रोग की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करें।