📰 पूरी खबर:

उज्जैन पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक नाबालिग युवती का फोटो एडिट कर अश्लील वीडियो वायरल करने वाले मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है।

उज्जैन के पंवासा थाना क्षेत्र में 21 जून को दर्ज इस मामले में अज्ञात आरोपी ने नाबालिग का पासपोर्ट साइज फोटो एडिट कर आपत्तिजनक वीडियो और सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी। जांच में पता चला कि पीड़िता का फोटो बीएलओ फखरुनिशा उर्फ बेबी ने एसआईआर फॉर्म से व्हाट्सएप पर साझा किया था।

पुलिस ने जांच के दौरान एहसान पटेल, आबिद पटेल और मुजफ्फर पटेल से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने फोटो का दुरुपयोग करना स्वीकार किया। मुजफ्फर पटेल ने फोटो एडिट कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल की थी।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चार मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और डिजिटल फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। बीएलओ के खिलाफ भी कर्तव्य में लापरवाही और गोपनीय दस्तावेज से फोटो साझा करने के मामले में वैधानिक कार्रवाई की गई है।