📰 पूरी खबर:

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में शासकीय महाविद्यालय में सामने आए कथित नकल प्रकरण को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

सोमवार को एनएसयूआई कार्यकर्ता तहसील कार्यालय पहुंचे और अनुविभागीय अधिकारी के नाम तहसीलदार आर.पी. सिंह ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जिस परीक्षा कक्ष में परीक्षा आयोजित हुई थी, वहां लगा सीसीटीवी कैमरा ऊपर की ओर मुड़ा हुआ था। एनएसयूआई ने मांग की है कि इसकी जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाए। साथ ही जिन परीक्षार्थियों पर नकल के आरोप लगे, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होने और संभावित मिलीभगत की भी निष्पक्ष जांच की जाए।

एनएसयूआई ने भोज परीक्षा के दौरान आयोजित सभी पेपरों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग भी की है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि निर्धारित समय में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो एनएसयूआई अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।