📰 पूरी खबर:

पन्ना जिले के पवई नगर के करही चौराहा एक ऐसी जगह है,जहां प्रतिदिन से हजारों की संख्या में लोग यात्रा व्यापार, खरीददारी आदि करने पहुंचते हैं। ऐसे में लोगों की सुविधा के लिए बने सार्वजनिक सुलभ शौचालय की हालत बेहद खराब और दयनीय है। शौचालय में लंबे समय से साफ सफाई नहीं होने के कारण गंदगी का अंबार लगा हुआ है। यूरिनल में शराब के पव्वे, प्लास्टिक की बोतलें और अन्य कचरा पड़ा हुआ है,जिससे आसपास दुर्गंध फैल रही है।

शौचालय में पड़े कचरे ओर हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसकी नियमित सफाई नहीं हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब पीने वाले लोग खाली पव्वे और कचरा शौचालय में ही फेंक देते हैं। वहीं सफाईकर्मियों का कहना है कि उन्हें आवश्यक सफाई सामग्री और संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जाते, ऐसे में नियमित सफाई करना मुश्किल हो जाता है।

वहीं मोहल्ले के लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि सार्वजनिक शौचालय की तत्काल सफाई कराई जाए, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा असामाजिक तत्वों पर भी कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित सुविधा मिल सके।