📰 पूरी खबर:
नीमच, 18 मई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने रविवार को जिलाधिकारियों के साथ तहसील जीरन के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य ग्राम दलपतपुरा में रात्रि चौपाल आयोजित की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ एक ही जाजम पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

रात्रि चौपाल के प्रमुख निर्णय एवं निर्देश
स्वरोजगार
भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के तहत 11 हितग्राहियों के प्रकरण तैयार किए गए।
पेयजल व्यवस्था
जल निगम को क्षेत्र के सभी गांवों में 3 दिवस के भीतर गुणवत्तापूर्ण रोड रेस्टोरेशन कार्य करने एवं वंचित बसाहटों में हर घर नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। महाप्रबंधक जल निगम ने बताया कि आगामी दो माह में सभी गांवों में नल से जलापूर्ति प्रारंभ हो जाएगी। स्थानीय युवक प्रेमलाल को पंप ऑपरेटर का प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
विद्युत व्यवस्था
ग्राम दलपतपुरा की विद्युत लाइन को जीरन से जोड़ने हेतु एक सप्ताह में सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं लो वोल्टेज की समस्या के समाधान हेतु तीन दिवस में अधिक क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया गया।
सड़क निर्माण एवं मरम्मत
लोक निर्माण विभाग को जीरन-चीताखेड़ा सड़क की तत्काल मरम्मत तथा एक सप्ताह में गड्ढे भरने के निर्देश दिए गए। ग्राम हरवार में पीएमजीएसवाई अंतर्गत क्षतिग्रस्त सड़क संधारण अवधि में होने के कारण संबंधित ठेकेदार को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था
पीएचई विभाग को मंगलवार तक दलपतपुरा पहुंचकर नवीन नलकूप खनन एवं हैंडपंपों में सिंगल फेस पंप स्थापित कर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अन्य विकास कार्य
स्टॉप डेम मरम्मत, शाला बाउंड्री वॉल, दलपतपुरा-अघोरिया मार्ग पर पुलिया निर्माण, नायनखेड़ी में शमशान शेड तथा खेल मैदान निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए गए।
वन क्षेत्र आबादी
वन एवं राजस्व विभाग को संयुक्त सर्वे कर एसडीएम के माध्यम से प्रस्ताव तैयार कर वन क्षेत्र में व्यवस्थापन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पोषण अभियान
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सेम एवं मैम श्रेणी के 5 बच्चों को सुपोषण किट वितरित की गई।
मुख्यमंत्री मजरा-टोला योजना के तहत पुरानी आबादी दलपतपुरा में सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत हो चुका है तथा शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने गांव की महिला आशा बेवा दौलतराम की समग्र आईडी बनाकर उन्हें नियमानुसार पेंशन, खाद्यान्न पात्रता पर्ची एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए।
वहीं पैर से दिव्यांग युवक पवन की मांग पर कलेक्टर ने उसे भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के तहत ऋण सहायता उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर रेडक्रॉस से आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिलाया।
रात्रि चौपाल के पश्चात कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ ग्राम में ही रात्रि भोजन भी किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, वन मंडलाधिकारी श्री एस.के. अटोदे, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू सहित समस्त जिला अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।