📰 पूरी खबर:

'कृषि रथ' तथा 'किसान चौपाल' का किया जा रहा है आयोजन, किसानों को दी जा रही है आधुनिक खेती और विभागीय योजनाओं की जानकारी

​अनूपपुर 19 मई 2026/ किसान कल्‍याण वर्ष 2026 अंतर्गत जिले के किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों और शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विकासखंड अनूपपुर के ग्राम पंचायत लामाटोला, परासी, रेउला तथा विकासखण्‍ड जैतहरी के ग्राम पंचायत कुकुरगोडा सहित विभिन्‍न ग्राम पंचायतों में 'कृषि रथ' तथा 'किसान चौपाल' का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान का मुख्य ध्येय ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक कृषि पद्धतियों का प्रचार-प्रसार करना और किसानों को कम लागत में अधिक मुनाफे की खेती के लिए प्रेरित करना है।

​'कृषि रथ' के माध्यम से शासन की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और आधुनिक कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान (Subsidy) का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रचार सामग्री और व्यावहारिक संवाद के माध्यम से किसानों की शंकाओं का मौके पर ही समाधान भी किया जा रहा है, ताकि वे समय रहते इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर सकें।

'किसान चौपाल' में कृषि विशेषज्ञों द्वारा कृषकों को आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों के संबंध में महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियां दी जा रही है। अधिकारियों द्वारा मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के लिए मृदा स्वास्थ्य कार्ड (Soil Health Card) के अनुसार संतुलित उर्वरकों के उपयोग पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही, रसायनों के अंधाधुंध प्रयोग को कम करने के लिए किसानों को जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाने, बीज उपचार (Seed Treatment) करने तथा कतारबद्ध बोनी पद्धतियों को व्यावहारिक रूप से समझने की सलाह दी जा रही है।

जिले के इतिहास मे लिखा जाएगा भाजपा जिलाध्यक्ष हीरासिंह श्याम का नाम
अनूपपुर 19 मई 2026/ भारतीय जनता पार्टी के यशस्वी जिला अध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम के कुशल नेतृत्व में आज से भाजपा जिला कार्यालय का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया । श्री श्याम ने बतलाया कि भाजपा कार्यालय का निर्माण एक वर्ष के अन्दर पूरा हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि अनूपपु्र जिला गठन 2003 के बाद अप्रैल 2026 मे इसका भूमिपूजन हुआ और उम्मीद है कि अप्रैल 2027 मे यह कार्यकर्ताओं को लोकार्पित कर दिया जाएगा। यह हीरासिंह श्याम के कुशल नेतृत्व मे संभव हो पाएगा।

पीएम जन-मन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत शिविर 20 मई को

अनूपपुर 19 मई 2026/ पीएम जन-मन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत पीवीटीजी (बैगा)/जनजातीय समुदायों के लिए कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु 18 मई से 25 मई तक राष्ट्रव्यापी आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) अभियान ‘जन भागीदारी-सबसे दूर, सबसे पहले’ अभियान संचालित करने के लिए लाभार्थी संतृप्ति शिविर आयोजित किया जा रहा है। जिसके तहत विकासखण्ड पुष्पराजगढ़ के ग्राम पंचायत भवन सालरगोंदी तथा चरकूमर, विकासखण्ड जैतहरी के ग्राम पंचायत भवन ठोढ़ीपानी तथा अंजनी, विकासखण्ड कोतमा के ग्राम पंचायत भवन रेऊसा तथा विकासखण्ड अनूपपुर के ग्राम पंचायत भवन चपानी में 20 मई को शिविर का आयोजन होगा। सालरगोंदी में आयोजित शिविर में सरई, पतेरा, सालरगोंदी ग्राम के, चरकूमर में आयोजित शिविर में चरकूमर, अमदरी ग्राम के, ठोढ़ीपानी में आयोजित शिविर में ठोढ़ीपानी ग्राम के, अंजनी में आयोजित शिविर में अंजनी ग्राम के, रेऊसा में आयोजित शिविर में रेऊसा ग्राम के तथा चपानी में आयोजित शिविर में चपानी ग्राम के पीवीटीजी (बैगा)/जनजातीय समुदाय लाभान्वित हो सकेंगे।

शिविर में पीवीटीजी (बैगा)/जनजातीय समुदायों को शासन की समस्त कल्याणकारी योजनाओं जैसे समग्र आईडी सुधार एवं नए बनाना, आधार कार्ड अपडेशन, जनधन खाता खोलना, आयुष्मान कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, स्वास्थ्य परीक्षण आदि कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।

भीषण गर्मी को लेकर प्रशासन की अपील, लू से बचने के लिए बरतें सावधानी, सुरक्षित रहें

अनूपपुर 19 मई 2026/ जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी और तपिश को देखते हुए प्रशासन ने आम जनता के लिए जरूरी बातें साझा की हैं। ‘‘सावधानी ही सुरक्षा है’’ की बात दोहराते हुए लोगों से कहा गया है कि वे लू की चपेट में आने से बचने के लिए सतर्क रहें और अपनी सेहत का ख्याल रखें।

दोपहर की धूप से बचें

प्रशासन ने लोगों से कहा है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच, जब सूरज की गर्मी सबसे ज्यादा होती है, बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। यदि बाहर जाना ही पड़े, तो सिर को छाते, टोपी या सूती गमछे से ढककर निकलें।

खूब पानी पिएं और सूती कपड़े पहनें

गर्मी के दिनों में शरीर में पानी की कमी न होने दें। प्यास न लगने पर भी थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें। हल्के रंग के और ढीले सूती कपड़े पहनना शरीर के लिए आरामदायक होता है। खाने में हल्का और ताजा भोजन लें तथा ज्यादा तेल-मसाले वाली चीजों से परहेज करें।

बच्चों और बुजुर्गों का रखें खास ख्याल

घर के बड़े-बुजुर्गों और बच्चों पर गर्मी का असर जल्दी होता है, इसलिए उनका विशेष ध्यान रखें। उन्हें ठंडी जगह पर रखें और समय-समय पर पानी या अन्य पेय पदार्थ देते रहें।

तबीयत बिगड़ने पर क्या करें?

अगर किसी को चक्कर आए, तेज सिरदर्द हो या बहुत ज्यादा कमजोरी लगे, तो उसे तुरंत छाया वाली ठंडी जगह पर ले जांए और पानी पिलाएं। यदि हालत में सुधार न हो, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में ये छोटी-छोटी सावधानियां आपको और आपके परिवार को बीमार होने से बचा सकती हैं।