📰 पूरी खबर:

रिपोर्ट- हिमांशु राजोरा

नीमच। जिले की नयागांव पुलिस चौकी एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश से राजस्थान ले जाया जा रहा करीब 593 किलो 100 ग्राम अवैध डोडा चूरा नयागांव चौकी क्षेत्र से गुजर गया, लेकिन इसकी भनक तक स्थानीय पुलिस को नहीं लगी। बाद में राजस्थान के निम्बाहेड़ा सदर थाना पुलिस ने वंडर पुलिया के पास हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए ट्रक को पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी पशु आहार की आड़ में डोडा चूरा छिपाकर ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान ट्रक में पशु आहार के कट्टों के नीचे 29 कट्टों में भरा अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। जब्त माल की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

इस मामले में पुलिस ने पंजाब निवासी साहिब सिंह (40) और अजय कल्ला (26) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी से जुड़े हुए हैं और पहले भी मध्यप्रदेश से पंजाब तक मादक पदार्थों की खेप पहुंचा चुके हैं।

कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी खेप नयागांव चौकी क्षेत्र से बिना किसी रोक-टोक के कैसे निकल गई। यदि राजस्थान पुलिस कार्रवाई नहीं करती तो यह मामला शायद सामने भी नहीं आता। सीमा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मादक पदार्थ तस्करी की घटनाओं ने पुलिस की चेकिंग व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नयागांव चौकी पर वाहनों की नियमित जांच और सख्ती के दावे किए जाते हैं, लेकिन करोड़ों रुपये का डोडा चूरा सीमा पार पहुंच जाना कई सवाल छोड़ रहा है। अब लोगों की नजर जिले के पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास पर टिकी हुई है कि वे इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और क्या चौकी क्षेत्र की कार्यप्रणाली की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।

यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होती है तो तस्करी नेटवर्क और लापरवाही से जुड़े कई बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।